हिन्दी लेखन कौशल (Hindi Writing Skills)

nibandh lekhan, patra lekhan

परिचय

हिन्दी लेखन कौशल किसी भी विद्यार्थी के भाषा विकास का सबसे महत्वपूर्ण भाग है। लेखन केवल शब्दों को काग़ज़ पर उतारना नहीं है, बल्कि अपने विचारों, भावनाओं, अनुभवों और ज्ञान को स्पष्ट, प्रभावी और शुद्ध रूप में प्रस्तुत करने की कला है। विद्यालय स्तर से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक, हिन्दी लेखन कौशल विद्यार्थियों के अंक, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को सीधे प्रभावित करता है।

कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को धीरे-धीरे अक्षर लेखन से लेकर निबंध, पत्र, आवेदन और रचनात्मक लेखन तक पहुँचाया जाता है। इस पृष्ठ पर हिन्दी लेखन कौशल से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पक्षों को क्रमबद्ध, सरल और अभ्यास-उन्मुख रूप में प्रस्तुत किया गया है, ताकि विद्यार्थी एक ही स्थान पर सम्पूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।


हिन्दी लेखन कौशल क्या है?

हिन्दी लेखन कौशल से आशय उस क्षमता से है, जिसके माध्यम से कोई व्यक्ति अपने विचारों को शुद्ध भाषा, सही व्याकरण, उचित शब्दावली और तार्किक क्रम में लिख सके। अच्छा लेखन वही होता है जो पढ़ने वाले को सहज रूप से समझ आ जाए और जिसमे भाषा की स्पष्टता बनी रहे।


लेखन कौशल का महत्व

  • भाषा पर पकड़ मजबूत होती है
  • विचारों की स्पष्ट अभिव्यक्ति संभव होती है
  • विद्यालयी परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त होते हैं
  • प्रतियोगी परीक्षाओं में वर्णनात्मक प्रश्नों में लाभ
  • आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास

हिन्दी लेखन कौशल के प्रमुख प्रकार

हिन्दी लेखन को सामान्यतः निम्नलिखित भागों में विभाजित किया जाता है:


1. अक्षर एवं शब्द लेखन (Beginner Level)

यह लेखन का प्रारंभिक चरण है, जो विशेष रूप से कक्षा 1–3 के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होता है।

अक्षर लेखन

  • स्वर और व्यंजन का सही आकार
  • मात्रा का सही प्रयोग
  • शुद्ध वर्तनी पर ध्यान

शब्द लेखन

  • सरल और प्रचलित शब्द
  • चित्र देखकर शब्द लिखना
  • शब्दों को वाक्य में प्रयोग करना

2. वाक्य लेखन

वाक्य लेखन लेखन कौशल की अगली सीढ़ी है।

वाक्य लेखन के नियम

  • वाक्य अर्थपूर्ण होना चाहिए
  • शब्दों का क्रम सही होना चाहिए
  • वाक्य में व्याकरणिक शुद्धता होनी चाहिए

वाक्य लेखन के प्रकार

  • सरल वाक्य : विद्यार्थी पढ़ता है।
  • संयुक्त वाक्य : मैं रोटी खाकर लेटा कि पेट में दर्द होने लगा, और दर्द इतना बढ़ा कि तुरन्त डॉक्टर को बुलाना पड़ा।
  • मिश्र वाक्य : मैंने एक घड़ी खरीदी, जो बैटरी से चलती है।

👉 संज्ञासर्वनामविशेषण, क्रियाक्रिया विशेषण, संबंधबोधक अव्यय , समुच्चयबोधक अव्यय, विस्मयादिबोधक अव्यय, अलंकाररस,छंद


3. अनुच्छेद लेखन

अनुच्छेद लेखन में किसी एक विषय पर 5–10 वाक्यों में विचार प्रस्तुत किए जाते हैं।

अनुच्छेद लेखन की विशेषताएँ

  • विषय की स्पष्टता
  • विचारों का क्रमबद्ध प्रवाह
  • सरल और स्पष्ट भाषा

सामान्य अनुच्छेद विषय

  • मेरा विद्यालय
  • मेरा प्रिय खेल
  • स्वच्छता का महत्व
  • पर्यावरण संरक्षण

अनुच्छेद लेखन के उदाहरण :

आज की आवश्यकता—संयुक्त परिवार

समय सदा परिवर्तनशील रहा है। इसी परिवर्तन का स्पष्ट उदाहरण है—प्राचीन काल से चली आ रही संयुक्त परिवार की परंपरा का धीरे-धीरे टूटना और एकल परिवारों का बढ़ता चलन। आज शहरीकरण, बढ़ती महँगाई, नौकरी की अनिश्चितता, उच्च शिक्षा की चाह, विदेशों में बसने की प्रवृत्ति तथा बढ़ती स्वार्थ-वृत्ति के कारण एकल परिवार तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका प्रभाव हमारे सामाजिक जीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

एकल परिवार का बढ़ता चलन

वर्तमान समय में अधिकांश युवा रोजगार और सुविधाओं की तलाश में अपने मूल स्थान से दूर बस रहे हैं। सीमित स्थान, व्यस्त जीवन-शैली और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की चाह ने एकल परिवार को बढ़ावा दिया है। परिणामस्वरूप परिवार छोटे होते जा रहे हैं और पारिवारिक संबंधों की गर्माहट धीरे-धीरे कम होती जा रही है।

एकल परिवार और वर्तमान समाज

एकल परिवारों में पति-पत्नी दोनों के कामकाजी होने के कारण बच्चों की देखभाल और संस्कार देना कठिन होता जा रहा है। आज बढ़ते क्रेच और डे-केयर सेंटर इस स्थिति का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। बच्चों को समय, स्नेह और मार्गदर्शन की कमी महसूस होती है, जिसका प्रभाव उनके मानसिक और सामाजिक विकास पर पड़ता है।

संयुक्त परिवार की आवश्यकता

प्राचीन काल में संयुक्त परिवारों में दादा-दादी, चाचा-चाची, ताई-बुआ बच्चों के पालन-पोषण में सहज रूप से सहयोग करते थे। बच्चों को संस्कार, अनुशासन और रिश्तों की समझ परिवार से ही मिल जाती थी। संयुक्त परिवार हर युग में समाज की आवश्यकता रहे हैं और आज भी उनकी प्रासंगिकता उतनी ही बनी हुई है।

बुजुर्गों की देखभाल

संयुक्त परिवार बुजुर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होते। परिवार के अन्य सदस्य उनकी आवश्यकताओं, स्वास्थ्य और भावनाओं का ध्यान रखते हैं। इससे उन्हें अकेलापन नहीं सताता और बुढ़ापा बोझ नहीं, बल्कि सम्मानपूर्ण बन जाता है।

एकाकीपन को जगह नहीं

संयुक्त परिवार में व्यक्ति कभी अकेला महसूस नहीं करता। सुख-दुख बाँटने वाले, हँसी-मजाक के साथी और भावनात्मक सहारा हमेशा उपलब्ध रहते हैं। इससे मानसिक तनाव कम होता है और लोग अधिक प्रसन्न, स्वस्थ तथा सकारात्मक रहते हैं।

उपसंहार

आज के भागदौड़ भरे जीवन में जहाँ व्यक्ति अकेलेपन और तनाव से जूझ रहा है, वहाँ संयुक्त परिवार सामाजिक संतुलन और भावनात्मक सुरक्षा प्रदान करते हैं। इसलिए आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है कि हम संयुक्त परिवार की परंपरा को सहेजें और उसे आधुनिक जीवन के साथ सामंजस्य बैठाकर आगे बढ़ाएँ। यही भारतीय संस्कृति की आत्मा है और सामाजिक सशक्तता का आधार भी।


4. निबंध लेखन

निबंध लेखन हिन्दी लेखन कौशल का एक अत्यंत महत्वपूर्ण भाग है।

निबंध लेखन क्या है?

किसी विषय पर क्रमबद्ध, विस्तारपूर्वक और सार्थक विचार प्रस्तुत करना निबंध कहलाता है।

निबंध के प्रकार

  • वर्णनात्मक निबंध
  • विचारात्मक निबंध
  • कथात्मक निबंध
  • साहित्यिक निबंध

निबंध लेखन की संरचना

  • भूमिका
  • विषय-विस्तार
  • उपसंहार

निबंध लेखन के उदाहरण :

लड़का-लड़की एक समान

प्रस्तावना

स्त्री और पुरुष जीवन रूपी रथ के दो समान पहिए हैं। जिस प्रकार रथ के सुचारु संचालन के लिए दोनों पहियों का संतुलन आवश्यक होता है, उसी प्रकार समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए स्त्री और पुरुष दोनों का समान योगदान अनिवार्य है। यदि किसी एक को कमतर आँका जाए, तो विकास की गति बाधित हो जाती है। इसलिए यह आवश्यक है कि समाज में लड़के और लड़की के बीच किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए और दोनों को समान अवसर एवं सम्मान प्राप्त हो।

नारी में अधिक मानवीय गुण

स्त्री और पुरुष एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। यद्यपि शारीरिक दृष्टि से दोनों में भिन्नता है, परंतु मानवीय गुणों की दृष्टि से नारी अधिक समृद्ध मानी जाती है। त्याग, करुणा, ममता, सहनशीलता और प्रेम जैसे गुण नारी के स्वभाव में सहज रूप से पाए जाते हैं। जहाँ पुरुष को प्रायः कठोर और क्रोधी स्वभाव का माना जाता है, वहीं नारी वात्सल्य और स्नेह की प्रतिमूर्ति होती है। इसी भाव को व्यक्त करते हुए मैथिलीशरण गुप्त ने कहा है—

“एक नहीं दो-दो मात्राएँ, नर से भारी नारी।”

प्राचीन काल में नारी की स्थिति

प्राचीन भारत में नारी की स्थिति अत्यंत सम्मानजनक थी। वैदिक काल में स्त्रियों को पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त थे। वे वेद-मंत्रों और ऋचाओं की रचना करती थीं। गार्गी, अपाला, भारती और मैत्रेयी जैसी विदुषी नारियाँ शास्त्रार्थ में पुरुषों को चुनौती देती थीं। उस समय नारी को सहधर्मिणी, अर्धांगिनी और गृहलक्ष्मी कहा जाता था। समाज में उसे आदर और सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था।

मध्यकाल में नारी की स्थिति

मध्यकाल में आते-आते नारी की स्थिति में भारी गिरावट आई। विदेशी आक्रमणों और असुरक्षा के कारण उसे चारदीवारी में बंद कर दिया गया। पर्दा-प्रथा, बाल-विवाह और शिक्षा से वंचित किया जाना आम हो गया। नारी को पुरुषों की दासी समझा जाने लगा और उसका जीवन केवल घर-गृहस्थी और संतान-पालन तक सीमित कर दिया गया। इस काल में नारी को दुर्बल और अवगुणों का भंडार मान लिया गया। यहाँ तक कि तुलसीदास जैसे महाकवि ने भी लिखा—

“ढोल गँवार शूद्र पशु नारी।
ये सब ताड़न के अधिकारी॥”

आधुनिक काल में नारी की स्थिति

अंग्रेज़ी शासन के समय से नारी की स्थिति में सुधार की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सावित्रीबाई फुले ने स्त्री-शिक्षा का बीड़ा उठाया। राजा राममोहन राय, स्वामी दयानंद सरस्वती और महात्मा गांधी जैसे समाज-सुधारकों ने सती-प्रथा, बाल-विवाह और विधवा-अत्याचार के विरुद्ध आवाज़ उठाई। स्त्री-शिक्षा और विधवा-विवाह को बढ़ावा दिया गया। नारी की दयनीय स्थिति को देखकर जयशंकर प्रसाद ने लिखा—

“नारी तुम केवल श्रद्धा हो,
विश्वास रजत नग पग तल में।”

स्वतंत्रता के बाद स्त्रियों को समान अधिकार देने के लिए अनेक कानून बनाए गए। शिक्षा के प्रसार से समाज की सोच बदली और आज नारी शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, खेल, राजनीति और सेना जैसे क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है।

नारी की स्थिति और पुरुष की सोच

जैसे-जैसे पुरुषों की मानसिकता में परिवर्तन आया, वैसे-वैसे नारी की स्थिति में भी सुधार हुआ। पहले कन्याओं को बोझ समझा जाता था और भ्रूण-हत्या जैसी अमानवीय प्रथाएँ प्रचलित थीं। इससे समाज का लिंगानुपात असंतुलित होने लगा। किंतु सरकारी प्रयासों, शिक्षा और जागरूकता के कारण अब स्थिति में सुधार हुआ है। आज लोग लड़कियों को बोझ नहीं, बल्कि परिवार की शान मानने लगे हैं। हमारे संविधान ने भी स्त्री-पुरुष को समान अधिकार प्रदान किए हैं, फिर भी समाज को अपनी सोच और अधिक उदार बनाने की आवश्यकता है।

उपसंहार

नारी के बिना परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति की कल्पना करना असंभव है। अब समय आ गया है कि पुरुष-प्रधान सोच को त्यागकर स्त्रियों को समान सम्मान और अवसर दिए जाएँ। जब तक ‘लड़का-लड़की एक समान’ की भावना व्यवहार में नहीं आएगी, तब तक वास्तविक सामाजिक विकास संभव नहीं है। इसलिए हमें विचार और व्यवहार—दोनों स्तरों पर समानता को अपनाना होगा।


5. पत्र लेखन

पत्र लेखन दैनिक जीवन और परीक्षाओं दोनों में उपयोगी है।

पत्र लेखन के प्रकार

  • औपचारिक पत्र
  • अनौपचारिक पत्र

पत्र लेखन के आवश्यक अंग

  • पता
  • दिनांक
  • विषय
  • संबोधन
  • मुख्य विषय
  • समापन

औपचारिक पत्र के उदाहरण :

प्रश्न : आपका नाम दिशा/दक्ष है। आपकी आयु मतदान करने योग्य हो गई है। आपने मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए गरुण ऐप के द्वारा आवेदन कर दिया है। किंतु काफी समय के बाद भी आपका मतदाता पहचान पत्र आपको नहीं मिला। मतदाता पहचान पत्र के वितरण में देरी की शिकायत करते हुए अपने क्षेत्र के बी. एल. ओ. (ब्लॉक लेवल ऑफिसर) को पत्र लिखिए।

उत्तर –

सेवा में,

श्री प्रमोद कुमार (बी.एल.ओ.),

दिल्ली।

दिनांक: 07/05/2026

विषय: मतदाता पहचान-पत्र के वितरण में देरी हेतु शिकायत पत्र।

माननीय महोदय,

मेरा नाम दिशा है और मेरी आयु मतदान करने योग्य हो गई है, इसलिए मैंने अपना मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए गरुण ऐप के द्वारा आवेदन किया था परंतु बहुत समय बीत जाने पर भी मेरा मतदाता पहचान पत्र मुझे नहीं मिला है।

अतः मेरा आपसे यह निवेदन है कि आप इस दिशा में उचित कदम उठाते हुए मेरी समस्या का निदान करने की कृपा करें। मैं आपकी बहुत आभारी रहूँगी।

धन्यवाद

भवदीया 

दिशा

अनौपचारिक पत्र के उदाहरण :

प्रश्न : छात्रावास में रहने वाले अपने छोटे भाई को एक पत्र 80-100 शब्दों में लिखकर प्रातःकाल नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम का अभ्यास करने के लिए प्रेरित कीजिए।

उत्तर –

अ.ब.स. छात्रावास

धन्यवाद।

दिनांक : 30 अगस्त, 2023

प्रिय अनुज,

शुभाशीवार्द।

मै आशा करता हूं कि तुम अच्छे होंगे। तुम्हारे इम्तेहान के दिन नजदीक आ रहे है इसलिए मै चाहता हूं कि तुम प्रातःकाल नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम का अभ्यास करना शुरू कर दो। इससे तुम्हें अच्छा स्वास्थ्य बनाए रखने और ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी, क्योंकि घर से दूर रहने पर खानपान अनियमित हो जाने के कारण  सबसे बड़ा नुकसान स्वास्थ्य का ही होता है। इसलिए तुम नियमित रूप से प्रात:काल खुले स्थान में एक घंटा व्यायाम किया करो। इससे तुम्हारी शारीरिक और मानसिक थकावट दूर होगी व स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा और पढ़ने में और अधिक मन लगेगा। अत: आशा है कि तुम मेरे इस विचार को महत्व दोगें और कल से ही व्यायाम करना शुरू कर दोगे।

तुम्हारा अग्रज

क.ख.ग.


6. आवेदन पत्र लेखन

आवेदन पत्र विद्यालयी और व्यावहारिक जीवन दोनों में आवश्यक होता है।

सामान्य आवेदन विषय

  • अवकाश हेतु आवेदन
  • शुल्क माफी हेतु आवेदन
  • प्रमाण पत्र हेतु आवेदन

आवेदन पत्र लेखन के उदाहरण :

प्रश्न : आप निधि/नवीन ग्लोबल स्कूल, मेरठ की छात्रा हैं। दिल्ली में अपने चचेरे भाई के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानाध्यापक को एक आवेदन पत्र लिखिए।

अवकाश हेतु आवेदन

सेवा में,

प्रति,
श्रीमान प्रधानाध्यापक
ग्लोबल स्कूल
मेरठ

दिनांक- 06/12/24

विषय- अवकाश प्राप्त करने हेतु आवेदन पत्र।

महोदय जी,

विनम्र निवेदन है कि मैं आपके विद्यालय की कक्षा 10वीं की छात्रा हूं। महोदय, मुझे यह बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि मेरी चचेरी बहन की शादी तय हो गई है और विवाह समारोह दिनांक 22/12/22 को दिल्ली में होना प्रस्तावित है। यह हमारे परिवार की पहली शादी हैं जिसमें परिवार के सभी छोटे-बड़े सदस्य आने वाले हैं, अतः मैं भी इस पारिवारिक प्रसंग में शामिल होना चाहती हूं। इसी कारणवश मैं दिनांक 15/12/22 से 25/12/22 तक अवकाश लेना चाहती हूं । मैं जानती हूं इस बार दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक है किंतु मैं आपको आश्वस्त करती हूं कि विवाह समारोह से वापस आकर मैं मन लगाकर पढ़ाई करूंगी और दसवीं की परीक्षा उत्कृष्ट नंबरों से उत्तीर्ण करूंगी ।

अतः आपसे निवेदन है कि उक्त दिनांक तक मुझे अवकाश प्रदान करने की कृपा करें।

धन्यवाद

आपकी आज्ञाकारी छात्रा
नाम -निधि
कक्षा -दसवीं
रोल नंबर -113


7. संवाद लेखन

संवाद लेखन में दो या अधिक व्यक्तियों के बीच होने वाली बातचीत को लिखा जाता है।

संवाद लेखन के नियम

  • भाषा सरल हो
  • वार्तालाप स्वाभाविक हो
  • पात्रों की भूमिका स्पष्ट हो

संवाद लेखन के उदाहरण

रोगी और वैद्य का संवाद –

रोगी- (औषधालय में प्रवेश करते हुए) वैद्यजी, नमस्कार!
वैद्य- नमस्कार! आइए, पधारिए! कहिए, क्या हाल है ?
रोगी- पहले से बहुत अच्छा हूँ। बुखार उतर गया है, केवल खाँसी रह गयी है।
वैद्य- घबराइए नहीं। खाँसी भी दूर हो जायेगी। आज दूसरी दवा देता हूँ। आप जल्द अच्छे हो जायेंगे।
रोगी- आप ठीक कहते हैं। शरीर दुबला हो गया है। चला भी नहीं जाता और बिछावन (बिस्तर) पर पड़े-पड़े तंग आ गया हूँ।
वैद्य- चिंता की कोई बात नहीं। सुख-दुःख तो लगे ही रहते हैं। कुछ दिन और आराम कीजिए। सब ठीक हो जायेगा।
रोगी- कृपया खाने को बतायें। अब तो थोड़ी-थोड़ी भूख भी लगती है।
वैद्य- फल खूब खाइए। जरा खट्टे फलों से परहेज रखिए, इनसे खाँसी बढ़ जाती है। दूध, खिचड़ी और मूँग की दाल आप खा सकते हैं।
रोगी- बहुत अच्छा! आजकल गर्मी का मौसम है; प्यास बहुत लगती है। क्या शरबत पी सकता हूँ?
वैद्य- शरबत के स्थान पर दूध अच्छा रहेगा। पानी भी आपको अधिक पीना चाहिए।
रोगी- अच्छा, धन्यवाद! कल फिर आऊँगा।
वैद्य- अच्छा, नमस्कार।


8. कहानी लेखन

कहानी लेखन रचनात्मक लेखन का प्रमुख रूप है।

कहानी के तत्व

  • पात्र
  • कथानक
  • संवाद
  • संदेश

कहानी लेखन के उदाहरण

उदाहरण प्रश्न : निम्नलिखित मुद्दों के आधार पर 70 से 80 शब्दों में कहानी लिखकर उचित शीर्षक दीजिए तथा सीख लिखिए:
एक गाँव — पीने के पानी की समस्या — दूर-दूर से पानी लाना — सभी परेशान — सभा का आयोजन — मिलकर श्रमदान का निर्णय — दूसरे दिन से केवल एक आदमी का काम में जुटना — धीरे-धीरे एक-एक का आना — सारा  गाँव श्रमदान में — तालाब की खुदाई — बरसात के दिनों जमकर बारिश — तालाब का भरना — सीख।

उत्तर :

साझा कदम, बने समाधान

एक समय की बात है, एक सुंदर और शांत गाँव था। उस गाँव के लोग मिलजुलकर रहते थे, लेकिन कुछ समय से एक बड़ी समस्या ने सबको परेशान कर रखा था। गाँव में पीने के पानी की भारी कमी हो गई थी। कुएँ सूख चुके थे और लोगों को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता था। बुज़ुर्ग, महिलाएँ और बच्चे सभी इस समस्या से जूझ रहे थे।

एक दिन गाँव के बुज़ुर्गों ने सभी ग्रामीणों की एक सभा बुलाई। लंबी चर्चा के बाद यह तय हुआ कि इस समस्या का समाधान बाहर से नहीं, बल्कि मिलकर किया जाएगा। सबने एकमत होकर श्रमदान से गाँव में तालाब खुदवाने का निर्णय लिया।

अगले दिन जब काम शुरू होना था, तो शुरुआत में केवल एक व्यक्ति ही फावड़ा लेकर तालाब की खुदाई में जुटा दिखाई दिया। उसे अकेले काम करते देख कुछ लोग रुके, फिर धीरे-धीरे किसी ने कुदाल उठाई, तो किसी ने मिट्टी ढोनी शुरू कर दी। देखते-ही-देखते पूरा गाँव श्रमदान में शामिल हो गया।

दिन-रात की मेहनत के बाद तालाब तैयार हो गया। कुछ ही समय बाद बरसात का मौसम आया और लगातार हुई बारिश से तालाब लबालब भर गया। गाँव की वर्षों पुरानी पानी की समस्या समाप्त हो गई और लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

इस अनुभव ने गाँववालों को यह सिखाया कि जब लोग एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ते हैं, तो बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान संभव हो जाता है।

यह कहानी हमें यह सीख देती है कि साझा कदम हर मुश्किल को आसान बना देता है। एकता, सहयोग और श्रम से असंभव काम भी संभव हो जाते हैं।


9. सूचना लेखन और विज्ञापन लेखन

उच्च कक्षाओं में सूचना और विज्ञापन लेखन पूछा जाता है।

सूचना लेखन

  • संक्षिप्त और स्पष्ट भाषा
  • आवश्यक जानकारी का समावेश

उदाहरण प्रश्न :
आप केंद्रीय विद्यालय जलवायु विहार दिल्ली की सांस्कृतिक इकाई के सचिव प्रत्यूष/प्रत्यूषा हैं। आपके विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति पूर्ण कविताओं का पाठ किया जाना है जिसमें शहर के प्रसिद्ध कवि पधार रहे हैं। इसमें छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी सादर आमंत्रित हैं। इस संबंध में एक सूचना आलेखन कीजिए।

सूचना लेखन के उदाहरण

उत्तर

केन्द्रीय विद्यालय, जलपाव बिहार, दिल्ली
सूचना

08 अगस्त, 20XX

कवि सम्मेलन का आयोजन

आपको यह जानकर अतीव हर्ष होगा कि लोगों में देशभक्ति भावना भरने के लिए विद्यालय परिसर में देशभक्ति पूर्ण कविता-पाठ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें शहर के प्रसिद्ध कवियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम इस प्रकार है—

दिनांक — 14 अगस्त
समय — सायं 7 बजे
स्थान — विद्यालय परिसर

कार्यक्रम में प्रवेश पास द्वारा ही दिया जाएगा। पास के लिए अधोहस्ताक्षरी से संपर्क करें।

प्रत्यूष
(सचिव)
सांस्कृतिक इकाई

विज्ञापन लेखन

  • आकर्षक शीर्षक
  • सीमित शब्दों में संदेश

विज्ञापन लेखन के उदाहरण :

‘उदाहरण : कान्हा डेयरी’ अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए एक विज्ञापन तैयार करवाना चाहते हैं। इस संबंध में आप उनके लिए
विज्ञापन लेखन कीजिए।

उत्तर :

vigyapan lekhan udaharan

👉 संज्ञासर्वनामविशेषण, क्रियाक्रिया विशेषण, संबंधबोधक अव्यय , समुच्चयबोधक अव्यय, विस्मयादिबोधक अव्यय, अलंकाररस,छंद


10. सार लेखन

किसी गद्यांश या लेख के मुख्य विचारों को संक्षेप में लिखना सार लेखन कहलाता है।

आइए इसे एक उदाहरण के साथ और भी अच्छे से समझते हैं :

सार लेखन के उदाहरण :

विस्तृत गदयांश

मानव का प्रारम्भिक जीवन अधिक लचीला और प्रशिक्षण के लिए, विशेषकर अनुकूल होता है। यदि माता-पिता, अध्यापक और सरकार — तीनों मिलकर प्रयास करें, तो वे बालक को जैसा चाहें, वैसा वातावरण देकर उसकी जीवन-दिशा का निर्धारण कर सकते हैं। जीवन का यह समय मिट्टी के उस कच्चे घड़े के समान होता है, जिसके विकारों को मनचाहे ढंग से ठीक किया जा सकता है। लेकिन जिस तरह पके हुए घड़ों में पाए जाने वाले दोषों में सुधार करना असंभव है, उसी तरह यौवन की दहलीज को पार कर बीस-पच्चीस वर्ष के युवक के अंदर आमूल परिवर्तन लाना यदि असंभव नहीं, तो कठिन अवश्य है।

कच्ची मिट्टी किसी भी सांचे में ढालकर किसी भी नए रूप में बदली जा सकती है, लेकिन जब वह एक बार, एक प्रकार की बन गई, तब उसमें परिवर्तन लाने का प्रयास बहुत ही कम सफल हो पाता है। किसी लड़के या लड़की के व्यक्तित्व के निर्माण का मुख्य उत्तरदायित्व हमारे समाज, हमारी सरकार और स्वयं माता-पिता पर है तथा बहुत कुछ स्वयं लड़के या लड़की पर भी। कोई भी व्यक्ति अपने ध्येय में तभी सफल हो सकता है, जब वह अपने जीवन के प्रारम्भिक दिनों में ही वैसा करने का प्रयास करे।

इस दृष्टि से विद्याध्ययन का समय ही मानव-जीवन के लिए विशेष महत्व रखता है। हम सभी का और स्वयं विद्यार्थियों का भी यही कर्तव्य है कि सभी इस तथ्य को हमेशा अपने सामने रखें।

सार

बाल्यकाल मानव की वह अवस्था है, जिसमें उसके जीवन को मनचाहे ढंग से मोड़ा जा सकता है। युवावस्था प्राप्ति के बाद, उसकी जीवन-दिशा को बदलना असंभव नहीं तो कठिन अवश्य है। कच्ची मिट्टी से इच्छा के अनुसार आकृति बना सकते हैं, पक जाने पर उसका रूप-परिवर्तन असंभव हो जाता है।

बालक हो या बालिका, उसके जीवन-निर्माण का उत्तरदायित्व सरकार, समाज और माता-पिता के कंधों पर है। उसके अपने प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं। प्रारम्भ से उसी दिशा में प्रयत्न करने पर ही सफलता मिलती है।


लेखन कौशल में सुधार के उपाय

  • नियमित लेखन अभ्यास
  • अच्छे लेख पढ़ना
  • शब्द भंडार बढ़ाना
  • शिक्षक की प्रतिक्रिया पर ध्यान देना

सामान्य त्रुटियाँ जिनसे बचना चाहिए

  • वर्तनी की गलतियाँ
  • अनावश्यक कठिन शब्द
  • विषय से भटकना
  • विराम चिन्हों की उपेक्षा

परीक्षा की दृष्टि से लेखन कौशल

  • उत्तर साफ और स्पष्ट लिखें
  • शीर्षक अवश्य दें
  • अनुच्छेदों में विभाजन करें
  • समय प्रबंधन पर ध्यान दें

हिन्दी लेखन कौशल क्यों आवश्यक है?

  • भाषा की समझ गहरी होती है
  • व्यक्तित्व विकास में सहायक
  • शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन में उपयोगी

निष्कर्ष

हिन्दी लेखन कौशल भाषा सीखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। निरंतर अभ्यास, सही मार्गदर्शन और धैर्य के साथ कोई भी विद्यार्थी अच्छा लेखक बन सकता है। यह पृष्ठ हिन्दी लेखन कौशल की सम्पूर्ण जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जिससे विद्यार्थी विद्यालयी परीक्षाओं के साथ-साथ जीवन में भी सफल हो सकें।


👉 संज्ञासर्वनामविशेषण, क्रियाक्रिया विशेषण, संबंधबोधक अव्यय , समुच्चयबोधक अव्यय, विस्मयादिबोधक अव्यय, अलंकाररस,छंद